Saturday, August 15, 2026
Latest:

बैंक कर्मचारी का शवझाल से हुआ बरामद , बाइक समेत पांच दिनों से था लापता

 

रुड़की। रुड़की के गंगनगर कोतवाली क्षेत्र के मतलबपुर गांव से रविवार को लापता हुए बैंक कर्मचारी का शव मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर झाल से बरामद हुआ है। कर्मचारी की बाइक लावारिस हालत में अगले दिन सोलानी पार्क के पास से बरामद हुई थी। इस मामले में पूर्व बैंक कर्मचारी समेत तीन लोगों पर अपहरण में मामला दर्ज हुआ था। ग्रामीण पिछले दो दिनों से लापता की बरामदगी की मांग कर रहे थे। लापता कर्मचारी का शव मिलने से आक्रोशित ग्रमीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस मामले को शांत कराने का प्रयास कर रही है।
गंगनगर कोतवाली क्षेत्र के मतलबपुर निवासी विक्रम सैनी रुड़की के भारतीय स्टेट बैंक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। रविवार की शाम उसके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया था जिसके बाद वह घर से निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं आया। परिवार के लोगों के मुताबिक करीब 7.30 बजे कर्मचारी ने बहन के पास फोन करके बताया था कि कुछ लोग उसे परेशान कर रहे हैं। इसके बाद फोन बंद हो गया था। इस मामले में पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज की थी। परिवार के लोगों ने पूर्व कर्मचारी वीरेंद्र गुप्ता, संविदा बैंक कर्मचारी अशोक कश्यप व उसके साले विनय कश्यप पर अपहरण करने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने इस मामले को अपहरण की धारा में तरमीम किया था। गुरुवार सुबह बैंक कर्मचारी विक्रम सैनी का शव मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर झाल से बरामद हो गया। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। शव बरामद होते ही परिवार के लोग और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सिविल अस्पताल की मोर्चरी के बाहर काफी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। ग्रामीण व परिवार के लोग आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ग्रामीणों को समझाने में लगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *