बिजली दरों में प्रस्तावित वृद्धि के खिलाफ सीपीएम का विरोध प्रदर्शन 5 को, परिवहन व भर्ती परीक्षाओं के निरस्तीकरण का भी होगा विरोध
देहरादून।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी प्रस्तावित बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत आगामी 5 जनवरी को देहरादून जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।उक्त आशय का निर्णय पार्टी जिला कमेटी बैठक में लिया गया।
गांधीग्राम स्थित पार्टी राज्य कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने एक साल में चार बार बिजली बिलों में वृद्धि कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला है। इसके अलावा सरकार परिवहन व्यवस्था में भारी फेरबदल कर स्थानीय परिवहन को बाहरी कम्पनियों के हवाले कर परिवहन व्यवस्था को मंहगी करने जा रही है। परिणामस्वरूप जहाँ आम जन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा तथा परिवहन व्यवसाय से जुडे़ स्थानीय लोग बेरोजगार हो जाऐंगे। बैठक में वक्ताओं ने मलिन बस्तियों के नियमतीकरण, स्मार्ट सिटी के नाम पर आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने तथा भूमाफियाओं के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता कामरेड कमरूद्दीन ने की । बैठक में राज्य सचिव कामरेड राजेन्द्र सिंह नेगी, पर्यवेक्षक कामरेड सुरेंद्र सिंह सजवाण, जिलासचिव कामरेड राजेंद्र पुरोहित, महानगर सचिव अनन्त आकाश, इन्दु नौडियाल, लेखराज, शम्भूप्रसाद ममगाईं ,कृष्ण गुनियाल, सुधा देवली, हिमांशु चौहान, शेरसिंह, अमर बहादुर शाही, विनोद कुमार, याकूब अली, रंजन सोलंकी आदि ने विचार व्यक्त किये ।बैठक से पूर्व दिल्ली की कंझावली की शर्मनाक घटना पर दुख प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया ।

