बाइक से जा रहे यूपी के युवक को झपट्टा मार कर ले गया बाघ, इलाके में दहशत की लहर 

 

रामनगर। उत्तराखंड में इंसानों पर  जंगली जानवरों के लगातार बढ़ रहे हमलों के चलते आम लोगों में दहशत का माहौल है। हालात  यहां तक खतरनाक होते जा रहे हैं कि अब  जंगल से बाहर  इंसानी बसासत  में भी  वन्य जीवों, खासतौर से बाघ और  तेंदुए जैसे खूंखार जानवरों की धमक बढ़ने लगी है। ऐसी ही एक खौफनाक घटना शनिवार को यहां के कार्बेट इलाके में तब सामने आई, जब चलती  बाइक की पिछली सीट पर बैठे युवक को बाघ ने झपट्टा मार कर  अपने मुंह में दबोच लिया और उसे झाड़ियों में घसीटकर चंपत हो गया। बाइक चला रहे युवक ने वहां से किसी तरह भाग कर अपनी जान  बचाई।उस के बाद से सर्च ऑपरेशन जारी है। वन विभाग और कॉर्बेट प्रशासन की टीम युवक को ढूंढने में जुटी हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, अफजल और अनस अल्मोड़ा घूमने के बाद रामनगर की ओर वापस लौट रहे थे। जब वे  रामनगर के मोहान से थोड़ा आगे पहुंचे ही थे कि बाइक पर पीछे बैठे अफजल पर बाघ ने हमला कर दिया। अनस शोर मचाता रह गया, लेकिन बाघ युवक को खींचता हुआ जंगल की तरफ ले भागा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने रात तक लापता युवक की खोज की लेकिन अंधेरा होने की वजह से उसका पता नहीं चल पाया।
युवक की खोजबीन का काम आज भी जारी रखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *