बाइक दुर्घटना में युवक की दर्दनाक मौत,  घायल साथी अस्पताल में भर्ती

 

देहरादून। तेज रफ्तार से वाहन चलाने के शौक ने यहां एक  युवक की जान ले ली, जबकि उसके साथी को अस्पताल भिजवा दिया। मामला रानीपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, भोगपुर से आगे थानो रोड पर एक चलती बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर रपट गई। इससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई तथा दूसरा घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घायल युवक को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी देते हुए रानीपोखरी थानाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राणा ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे  पुलिस को सूचना मिली कि भोगपुर से आगे थानो रोड पर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। जिस पर तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचित कर पुलिस मौके पर पहुंची।

थानाध्यक्ष राणा ने बताया कि थानों भोगपुर रोड पर जाखन पुल से सूर्यधार जाने वाली सड़क पर एक बाइक रपटकर दुर्घटनाग्रस्त हुई पड़ी थी। मौके पर दो युवक पड़े थे जिसमें से एक युवक की मौत हो चुकी थी। दूसरे घायल युवक को निजी वाहन से हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान भोगपुर थाना रानी पोखरी निवासी विपुल रावत (26 वर्ष) पुत्र विजयपाल रावत और घायल युवक की पहचान भोगपुर थाना रानीपोखरी निवासी ऋषभ नेगी (26 वर्ष) पुत्र सुशील नेगी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि ऋषभ बाइक चला रहा था। उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि बाइक काफी तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क पर रपट गई। बाइक सवार युवकों के सिर सड़क किनारे पड़े पत्थरों में लगने से उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसकी वजह से एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *