सरोकार

बदहाल मोटर मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका से डरे लोगों ने की जल्द मरम्मत की मांग

विकासनगर। पीएमजीएसवाई कालसी द्वारा निर्मित मागटी-पोखरी-मरोग खेड़ा मोटर मार्ग के जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों ने मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग देहरादून को ज्ञापन भेज मार्ग को ठीक कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग पांच दशक पुराना है। वर्ष 2014 में पीएमजीएसवाई के द्वारा तीन करोड़ रुपये की लागत से इस मार्ग का सुधारीकरण किया गया था। विभाग द्वारा उस वक्त भी मार्ग निर्माण में गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया। बताया कि बीती बरसात के दौरान मार्ग जगह -जगह धंसने भी लगा है। मार्ग पर दरारें पड़ने लगी हैं। इससे हादसा हो सकता है। साढ़े चौदह किलोमीटर लंबा मोटर मार्ग मागटी क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधा सहिया मंडी से जोड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से होकर क्षेत्र के 40 गांवों के किसान अपनी फसलों को मंडी तक पहुंचाते हैं। मार्ग पर आवाजाही बंद हो गई तो सैकड़ों किसानों को नुकसान होगा। इसके साथ आगामी जून माह में दोहा के लिए जाने वाले चालदा महाराज की यात्रा इसी मार्ग से होकर निकलेगी। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने विभाग से जल्द ही मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन अध्यक्ष मानसी चौहान, बिंद्रा, निवर्तमान ग्राम प्रधान डागुरा मीजान दास, महावीर सिंह, शहीद केसरी चंद स्मारक समिति अध्यक्ष संजीव चौहान, श्याम सिंह, रविंद्र चौहान, सुरेंद्र सिंह, जब्बर सिंह और महिपाल सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *