पोते को पैसे लेने एटीएम भेजना महंगा पड़ा महिला को, मदद के बहाने बदमाश ने उड़ा दिए हजारों रुपये
हरिद्वार। पोते को पैसे निकालने एटीएम भेजकर महिला ने साढ़े 58 हजार रुपये गंवा दिए। एटीएम बूथ पर आरोपी ने मदद के बहाने बच्चे से डेबिट कार्ड बदल दिया था। इस मामले में पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रमा विहार कॉलोनी जमालपुरकलां निवासी कमलेश चौधरी पत्नी चेतन सिंह ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने अपने पोते सक्षम पुत्र विजय सिंह को पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम कार्ड देकर एचडीएफसी बैंक के एटीएम बूथ पर भेजा था। लेकिन, एटीएम कार्ड डालने के बावजूद रुपये नहीं निकले। वहां मौजूद एक युवक ने मदद का झांसा देकर एटीएम कार्ड बदल लिया। पोते को इसका आभास नहीं हुआ और वह रुपये लिए बिना घर लौट आया। इसके बाद आरोपी ने बदले गए कार्ड से खाते से रुपये निकाल लिए। 14 नवंबर की सुबह खाते से दोबारा रुपये निकलने का संदेश आने पर जब जांच कराई तो पता चला कि 58,500 रुपये कट गए हैं। थाना प्रभारी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

