पुलिस व बदमाशों में हुई मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार
देहरादून। खुशहालपुर में फुरकान के घर पर डकैती की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने चैकिंग अभियान चलाया तो बदमाश पुलिस टीम पर फायर झोंक जंगल में भाग गये। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जिसको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज प्रातः पुलिस को सूचना मिली कि 5-6 जून की रात्रि में फुरकान के घर पर डकैती की घटना में शामिल बदमाश यूटिलिटी वाहन से पुनः किसी घटना को अंजाम देने के लिए वापस देहरादून आ रहे हैं। पुलिस द्वारा दर्रारेट बैरियर के पास चैकिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान पुलिस द्वारा रोके जाने पर बदमाश यूटिलिटी वाहन से बैरियर को टक्कर मार कर धर्मावाला की ओर फरार हो गये। पुलिस द्वारा पीछा करने पर तिमली से धर्मावाला के बीच जंगल में वाहन पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यूटिलिटी चालक बदमाश रमजानी पुत्र इशराक निवासी गंदेवाड़ा सहारनपुर उत्तर प्रदेश को पुलिस द्वारा मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन सवार दूसरे बदमाश बबलू बादशाह पुत्र नईम, निवासी किदवई नगर, मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश पुलिस टीम पर फायर कर जंगल की ओर भाग गया था। पुलिस द्वारा बदमाश बबलू के साथ मुठभेड़ में बदमाश के पैर पर गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस द्वारा तत्काल उपचार हेतु विवेकानंद अस्पताल धर्मावाला लाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा उसे उच्च उपचार के लिए विकासनगर चिकित्सालय रेफर किया गया। बदमाश के कब्जे से मौके पर एक 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। घटना का पता चलते ही एसएसपी अजय सिंह मौके पर पहुंचे और घायल बदमाश के बारे में जानकारी ली। पूछताछ में बबलू बादशाह द्वारा बताया गया कि खुशहालपुर में फुरकान के घर पर उसने अपने पांच साथियों के साथ घरवालों को बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ के आधार पर मुकदमे को डकैती में तरमीम करते हुए , डकैती में शामिल अन्य बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीम को रवाना किया गया। जिसके चलते पुलिस टीम द्वारा डकैती में शामिल एक अन्य आरोपी असलम फरीद पुत्र लतीफ निवासी कैलाशपुर सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

