पुलिस ने किया हत्या का खुलासा, अवैध संबंधों के चलते पत्नी और उसके प्रेमी ने किया था जुगनू का कत्ल

हत्यारोपी पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

देहरादून। पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर न केवल एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया बल्कि हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर सलाखों के पीछे भेज दिया। दिल को हिला देने वाली बात यह है कि हत्या के आरोपियों में एक खुद मृतक की पत्नी है, जबकि दूसरा आरोपी उसका प्रेमी। मामला देहरादून जिलांतर्गत विकासनगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर को चौकी डाकपत्थर क्षेत्रान्तर्गत जलालिया पीर के पास यमुना नदी में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक के शरीर पर चोट व खरोंच के निशान थे। पुलिस ने मृतक के शव को शिनाख्त हेतु मोर्चरी में रखवा दिया। 20 अक्टूबर को नितिन कुमार नामक शख्स ने मृतक की शिनाख्त उसके भाई अरूण कुमार उर्फ जुगनू निवासी ग्राम बुलाकीवाला, विकासनगर के रूप में की। नितिन ने अपने भाई के शरीर व गले पर चोटों के निशान देखकर उसकी हत्या किए जाने का अंदेशा जताया। उसने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपने भाई की हत्या किये जाने के सम्बन्ध में एक प्रार्थना पत्र कोतवाली विकासनगर में दिया। इस पर कोतवाली विकासनगर में तत्काल हत्या का अभियोग पंजीकृत कर लिया गया। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विकासनगर पुलिस तथा एसओजी देहात की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
टीम द्वारा घटना के बारे में आस-पास के लोगों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान घटना स्थल व आस-पास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। जांच पड़ताल के बीच पुलिस टीम को मृतक अरुण के परम सिंह नाम के व्यक्ति के साथ जाने की जानकारी मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस द्वारा अभियुक्त परम सिंह पुत्र हरज्ञान सिंह को हिरासत में लिया गया।
थाने में सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने मृतक की पत्नि रमिता के कहने पर मृतक अरुण की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पूछताछ के आधार पर पुलिस द्वारा घटना में शामिल मृतक की पत्नी रमिता को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गहन पूछताछ में अभियुक्त परम सिंह ने हत्याकांड के पीछे की वज़ह और उसके लिए रची गई साजिश की जो कहानी बतायी, वह पारिवारिक रिश्तों को शर्मशार कर देने वाली है। आरोपी ने बताया कि वह हलवाई का काम करता है तथा शादी ब्याह में काम के सिलसिले में विकासनगर आता रहता है। मृतक अरुण की पत्नी रमिता से उसकी मुलाकात एक वर्ष पूर्व एक विवाह समारोह के दौरान ग्रीन व्यू होटल में हुई थी, जहां वह शादी में काम के सिलसिले में आई हुई थी। वहां जान-पहचान होने पर दोनों ने एक दूसरे को अपने-अपने नंबर दे दिए। इसके बाद से उन दोनों की आपस में अक्सर बातचीत होने लगी तथा दोनों अक्सर विकासनगर में कालिंदी अस्पताल रोड पर एक होटल में मिलने लगे। इस दौरान रमिता ने उसे बताया कि उसका पति अरुण सब्जी की ठेली लगाता का है और अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है। रमिता ने कहा कि अगर उसे रास्ते से हटा दिया जाए तो वे दोनों आसानी से एक दूसरे के साथ रह सकते हैं। इसके बाद अक्सर रमिता से होने वाली मुलाकातों के दौरान वह अपने पति को रास्ते से हटाने का दबाव डालने लगी तथा ऐसा न करने पर आरोपी को जेल भिजवाने की धमकी देने लगी। इस पर उस रमिता के साथ मिलकर उसके पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

आरोपी ने बताया कि योजना के मुताबिक अभियुक्त 18 अक्टूबर को अपने कारीगरों के साथ ट्रेन द्वारा सहारनपुर से देहरादून आया तथा अपने कारीगरों को विकासनगर में एक समारोह स्थल पर छोड़ दिया। इसके बाद उसने अरुण को फोन कर मिलने के लिये बुलाया। उसके पहुंचने के बाद विकासनगर में एक देसी शराब के ठेके से अभियुक्त ने जाफरान ब्रांड की शराब खरीदी और उसके साथ जलालिया होते हुए यमुना नदी के किनारे पहुंचा। वहां अभियुक्त ने अरुण को शराब पिलाई। थोड़ी देर बाद नशे की हालत में जैसे ही अरुण हल्का होने के लिये नदी के किनारे गया, अभियुक्त ने पीछे से अपने पास पहले से रखे गमछे से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। फिर उसके शव को यमुना नदी में फेंक दिया। उसके बाद अभियुक्त उसकी मोटर साइकिल संख्या: यू0के0-के-16सी-2377 को लेकर विकासनगर आया और रसूलपुर में उक्त मोटर साइकिल को एक गली में खड़ी करके वहां से एक वाहन पकड़कर चला गया। अभियुक्त ने बताया कि मृतक की पत्नी रमिता को फोन के माध्यम से उसने घटना की सारी जानकारी दी थी। शनिवार को अभियुक्त विकासनगर से हिमाचल प्रदेश भागने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही दून पुलिस ने उसे धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों का नाम व पता इस प्रकार है-

1- परम सिंह उर्फ गुड्डू पुत्र हरज्ञान सिंह (उम्र 45 वर्ष), निवासी मौहल्ला शिवपुरी, कस्बा व थाना धनौरा मंडी, जिला अमरोहा (यूपी)।
2- रमिता पत्नी मृतक अरुण कुमार, निवासी बुलाकीवाला, थाना- विकासनगर, देहरादून (उम्र 27 वर्ष)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *