पुलिस ने कार चालक पर गोली चलाने के आरोप में युवक को किया गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
रुड़की। कार मालिक पर गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवक के पास से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा, एक खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। साथ ही युवक को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। रुड़की के सिंचाई विभाग कॉलोनी निवासी गौरव तीन दिन पूर्व झबरेड़ा स्थित वाल्मीकि बस्ती में अपनी रिश्तेदारी में गया था। उसने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी थी। इस बीच एक युवक कार लेकर सड़क से जा रहा था। उसने गौरव से कार हटाने की बात कही थी। कार हटाने में देरी होने से नाराज युवक ने गौरव पर तीन फायर झोंक दिए थे। उसने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिवांश निवासी मोहल्ला छावनी, झबरेड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था और युवक की तलाश शुरू कर दी थी। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि देर शाम शिवांश को गांव झबरेड़ी कलां बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा, एक खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
स्मैक के साथ तीन युवक गिरफ्तार
दूसरी तरफ पुलिस ने गश्त के दौरान तीन युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पुलिसकर्मी शनिवार की रात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी बीच उन्हें रुड़की-डोसनी फाटक के निकट तीन युवक संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगे। पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 08.86 ग्राम स्मैक बरामद हुई।। उन्होंने बताया कि खालिद व तालीम निवासी लादपुर कलां व सज्जाद उर्फ निप्पल निवासी जैनपुर खुर्द के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।

