पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, दो साल से फरार चल रही महिला को महाराष्ट्र से किया गिरफ्तार

 
 यूनिवर्सिटी में नौकरी लगाने के बहाने युवकों से ठग लिए थे सवा करोड़ रुपए से ज्यादा
देहरादून। हाल ही में जिला पुलिस की कमान संभालने वाले तेज तर्रार एसएसपी दलीप सिंह कुंवर के नेतृत्व में अपराधियों की धर-पकड़ में जुटी दून पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने दो साल से फरार चल रही करोड़ों रुपए  की  ठगी में वांछित महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। दरअसल,
2019 में उत्तराखंड आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी में फार्मासिस्ट पदों पर नौकरी लगवाने के नाम पर एक  दंपति ने एक करोड़ रुपए से अधिक की ठगी की थी।
 मामले में नामजद आरोपी महिला को उत्तराखंड एसओजी की टीम ने मुंबई से गिरफ्तार किया है, जिसे  देहरादून लाया गया है।
पुलिस के अनुसार,  वर्ष 2019 में आजाद डिमरी ने थाना नेहरू कॉलोनी पर लिखित तहरीर दी थी कि नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में ओजस्वी एसोसिएट नाम से फर्म संचालित करने वाले मृणाल धूलिया व उसकी पत्नी योगिता धूलिया द्वारा उत्तरांखड आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी में फार्मासिस्ट के पदों पर नौकरी लगवाने तथा उत्तराखंड सरकार से 90 पदों का सृजन करवाने की एवज में कई बेरोजगारों से लगभग 01 करोड़ 42 लाख रुपये लिए और दोनों पति पत्नी फरार हो गए। इस पर थाना नेहरू कालोनी पर मु.अ.सं. 13/19 धारा 420,406,506, 120 बी भादवि के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस जांच टीम द्वारा गहनता से विवेचना कर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी, किन्तु दोनों अभियुक्त ठगी करने के बाद से ही फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा सतत सुरागरसी व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से अभियुक्त मृणाल धूलिया को  07 जुलाई 2020 को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया था, जो इस समय जेल में है।   उसकी पत्नी योगिता धूलिया अभियोग पंजीकृत होने के बाद से ही लगातार फरार चल रही थी, जिसके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी हुए थे। साथ ही अभियुक्ता पर 15000/- रुपए का ईनाम भी घोषित किया गया था। वर्तमान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद देहरादून दलीप सिंह कुंवर द्वारा ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु सख्त निर्देश दिए गए हैं।  निर्देशों के अनुसार,  ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए थाना नेहरू कॉलोनी व एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। संयुक्त टीम द्वारा लगातार सुराग रसी पतारसी की मदद से मुकदमे में  वांछित चल रही ईनामी अभियुक्त योगिता धूलिया को  गत 28 जुलाई 2022 को रायगढ़ महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार योगिता धूलिया ठगी के बाद से ही मुम्बई में ठिकाने बदल बदल कर रह रही थी और अपनी पहचान गुप्त रखते हुए एप्टेक कंप्यूटर सेंटर में कंप्यूटर शिक्षक के तौर पर कार्य कर रही थी। गिरफ्तार योगिता धूलिया को स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर देहरादून लाया गया।

 

 गिरफ्तार आरोपी महिला का नाम  व पता-

 

योगिता धूलिया पत्नी मृणाल धूलिया, उम्र 38 वर्ष, निवासी- ग्राम धुलकोट, पो- राजवाट, कोटद्वार, जनपद- पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी- फ्लैट नं 401  बिल्डिंग नम्बर-12 ए-विंग, गार्डिनिया तलोजा, रायगढ़, नवी मुम्बई महाराष्ट्र।

 

इस दौरान फरार महिला को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून दलीप सिंह कुंवर ने  रुपए 10000/- देकर पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

 

पुलिस टीम में ये रहे शामिल-

 

1- उपनिरीक्षक अरुण असवाल, चौकी प्रभारी, फव्वारा चौक
2- आरक्षी पंकज कुमार  एसओजी
3- आरक्षी अमित कुमार, एसओजी
4- महिला आरक्षी नमिता रावत, थाना नेहरू कॉलोनी
5- महिला आरक्षी किरन, आरक्षी दीपक डिमरी,  एसओजी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *