पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, सात साल से फरार चल रहा ईनामी शराब तस्कर गिरफ्तार
पिथौरागढ़। जमानत मिलने के बाद पिछले सात साल से फरार चल रहे एक व्यक्ति को एसओजी व पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शराब तस्करी में मामले में फरार था, जिस पर पांच हजार रुपये का ईनाम भी घोषित था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शराब तस्कर संदीप कुमार पुत्र राजवीर द्वारा हरियाणा से अवैध शराब लाकर पिथौरागढ़ में बेची जाती थी, जिसे पिथौरागढ़ पुलिस ने 21 जुलाई 2017 को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी जमानत मिलने के बाद से लगातार फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा आरोपी को 24 अक्टूबर 2018 में मफरूर घोषित किया गया था, जिस पर पुलिस द्वारा 5 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया गया था। एसओजी व पुलिस ने बीती रात सोनीपत से उसे हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर अग्रिम कार्यवाही जारी है।
नशा तस्कर को धर दबोचा पुलिस ने, कब्जे से एक किलो चरस बरामद
उधमसिंहनगर। नशा तस्करी में लिप्त एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से 1 किलो 10 ग्राम चरस बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज कोतवाली रुद्रपुर पुलिस,एसओजी व एएनटीएफ टीम को सूचना मिली कि क्षेत्र में कोई नशा तस्कर नशीले पदार्थाें की बड़ी खेप सहित आने वाला है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस, एसओजी व एएनटीएफ टीम द्वारा क्षेत्र में संयुक्त चौकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संयुक्त टीम को रामपुर रोड पर बाइक सवार एक संदिग्ध आता हुआ दिखायी दिया। टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। इस पर उसे घेर कर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 10 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम शंकर पुत्र दीवान, निवासी लोहाघाट चंपावत बताया। उसने बताया कि वह अपने गांव से छोटे-छोटे टुकड़ों में चरस को इकट्ठा कर रुद्रपुर में बेचने का काम करता है। उसके खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
