पुलिस के हत्थे चढ़े दो मोबाइल चोर, तलाशी में तमंचा और खुखरी भी बरामद
देहरादून। पुलिस ने चोरी के मोबाइलों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस व खुखरी बरामद कर ली। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्यवीर पुत्र फूल सिंह निवासी सेलाकुई, द्वारा थाना सेलाकुई पर सूचना दी कि चोरों द्वारा सेलाकुई स्थित उनके घर के अंदर से 02 मोबाइल फोन चोरी कर लिये हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना के खुलासे तथा गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों पर पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा घटना स्थल के आसकृपास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से संदिग्धों के सम्बन्ध में जानकारियां एकत्रित की गयी तथा सीसीटीवी से प्राप्त संदिग्धों के हुलिये से अवगत कराते हुए सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार किये जा रहे प्रयासों से चैकिंग के दौरान धूलकोट तिराहे के पास 02 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिन्होंने अपने नाम फैजान पुत्र नूर आलम, शहबान पुत्र फुरकान, बडा गोहर रामपुर, शंकरपुर, सहसपुर बताया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनके कब्जे से घटना में चोरी किये गये दो मोबाइल फोन, एक तमंचा, दो कारतूस तथा एक खुखरी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये उनके द्वारा उक्त मोबाइल चोरी की घटना को अजांम दिया गया था। वह किसी अन्य बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, इससे पूर्व ही पुलिस टीम द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार फैजान पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के अभियोग में जेल जा चुका है, जिसमें चार माह पूर्व ही वो जेल से छूटकर बाहर आया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

