अपराध

पुलिस के हत्थे चढ़ा महिला के कुंडल झपटने का आरोपी, भेजा गया हवालात

हल्द्वानी। एक सप्ताह पूर्व नगीना कॉलोनी वाले सुनसान रास्ते में महिला को घेर कर उसके कान के सोने के कुंडल छीनने वाला बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी को चुराए गए कुंडलों के साथ गिरफ्तार कर पुलिस ने उसका चालान किया। लालकुआं के स्लीपर फैक्ट्री झोपड़पट्टी निवासी माला देवी पत्नी विनोद कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने झपट्टा मारकर उनके कान के कुंडल चोरी कर लिए हैं। लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के 40 से 50 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। मुखबिर की सूचना के आधार पर अभियुक्त रोहित गुप्ता उर्फ ननिया पुत्र प्रेमपाल गुप्ता निवासी लालकुआं को झपटमारी कर चोरी किए गए कान के कुंडल के साथ स्लीपर फैक्ट्री के पास मैदान से दबोच लिया। वह कुंडलों को बेचने की फिराक में था। बदमाश को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक सोमेंद्र सिंह, अपर उप निरीक्षक दया किशन सती, कांस्टेबल आनंदपुरी और कांस्टेबल तरुण मेहता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *