पति की हत्या के आरोप में पत्नी और प्रेमी समेत तीन लोग गिरफ्तार, अवैध संबंध बने कत्ल की वजह

 

देहरादून। विकासनगर पुलिस ने विगत 13 फरवरी को युवक की हत्या का खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या अवैध संबधों के चलते उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी व उसके मित्र के साथ मिलकर की थी। इतना ही नहीं पत्नी ने अपने पति की हत्या को षड़यंत्र रचकर दुर्घटना बताने का दुस्साहस भी किया। इस मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए पत्नी व उसके प्रेमी सहित उनके सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विगत  13 फरवरी को इंद्रा देवी पत्नी संतराम, निवासी ग्राम रताड, पो बजऊ, तहसील कालसी, हाल पता- धनंत्वरी अस्पताल रसूलपुर, कोतवाली विकासनगर ने अपने पति संतराम (उम्र 32 वर्ष) की पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर गुमशुदा व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को थाना कालसी से जानकारी मिली कि साहिया रोड, जजरेड के पास एक हादसा हुआ है,  जिसमें एक शव 50 मीटर खाई से बरामद किया गया है। उसके बाद पुलिस ने उस व्यक्ति की इंद्रा देवी व अन्य परिजनों से शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान संतराम के रूप में हुई। इस मामले में मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने एक टीम का गठन कर इस मामले में जानकारी जुटानी शुरू कर दी।  जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल व उसके आसपास के लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया। साथ ही मृतक  के मोबाइल नंबरों की सीडीआर व घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र का डंप डाटा को एकत्रित किया गया। मृतक के सीडीआर के अवलोकन से एक संदिग्ध नंबर मिला, जो आशीष पुत्र मुकेश कुमार, निवासी वार्ड नंबर 2, आदर्श विहार हर्बटपुर, थाना विकासनगर के नाम पर पंजीकृत होना पाया गया। उसकी  लोकेशन भी मृतक  के साथ घटनास्थल व उसके आसपास के क्षेत्र में मिली । संदेह के आधार पर पुलिस टीम द्वारा आशीष कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर हथौडे़ से वार कर संतराम की हत्या करना तथा उसके शव व मोटर साईकिल को साहिया रोड, जजरेड के पास खाई में फेंकना स्वीकार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इस वारदात की साजिश मृतक संतराम की पत्नी इंद्रा देवी तथा मुकेश द्वारा की गयी थी । पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपी मुकेश को  बाईपास रोड से त्रिशला धर्मशाला जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया । मृतक संतराम की पत्नी इंद्रा को घटना के संबंध में पूछताछ हेतु चौकी बाजार बुलाया गया तथा घटना के संबंध में सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया। इस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौडे़ को बरामद कर लिया। आरोपी मुकेश हर्बटपुर से कालसी रोड पर मैजिक चलाता था, जिसके चलते मृतक की पत्नी से उसकी अच्छी दोस्ती हो गयी। इस बीच मृतक संतराम की पत्नी ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए योजना बनाई जिसके  बाद संतराम को बड़ा काम दिलाने के नाम पर बुलाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *