सरोकार

नौगांव और बासोट में ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन

अल्मोड़ा।  जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के तहत न्याय पंचायत लिंगुड़ता के राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, राजस्व, ग्राम्य विकास सहित विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शिविर में मौजूद रहकर आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने प्रत्येक विभागीय काउंटर पर पहुंचकर कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया और शिकायतकर्ताओं के साथ खड़े होकर समाधान की प्रक्रिया को गति दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप अधिकारी जनता के कार्यालय आने की प्रतीक्षा न करें, बल्कि स्वयं गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव के विद्यार्थियों से भी संवाद किया और खेल मैदान सहित विद्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर पात्र व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जाए और प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। इसी क्रम में भिकियासैंण विकासखंड के बासोट में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की उपस्थिति में एक अन्य बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में भी विभिन्न विभागों की ओर से योजनाओं की जानकारी दी गई और सामने आई जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया गया। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान नौगांव में आयोजित शिविर के माध्यम से 858 तथा बासोट में 618 नागरिकों को विभिन्न विभागीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिला। इस प्रकार दोनों बहुउद्देशीय शिविरों से कुल 1476 नागरिक लाभान्वित हुए। शिविरों में उपजिलाधिकारी संजय कुमार, तहसीलदार ज्योति नपलच्याल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, मंगल सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में न्याय पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *