नैनीताल जिले में महिला को मार कर खा गया गुलदार, जंगल में मिला क्षत विक्षत शव
नैनीताल। भीमताल क्षेत्र में गुलदार के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। गुलदार ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया है। लगातार बढ़ रहे गुलदार के हमलों की घटनाओं से भीमताल समेत आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नैनीताल एसडीएम नवाजिश ने बताया बुजुर्ग महिला देर रात घर के पास जंगल की तरफ जानवरों के लिए चारा लेने गई थी। जिसके बाद से महिला लापता थी। लापता महिला का शव आज क्षत विक्षत हालत में घर से कुछ दूर जंगल में बरामद हुआ है। नैनीताल एसडीएम नवाजिश खालिद ने बताया स्थानीय निवासी गंगा देवी बीते दिन मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। वहीं वन विभाग को भी इसकी सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में गुलदार के हमले के निशान पाए गए हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को खाई से बाहर निकाला।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के जंगलों में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। एसडीएम नवाजिश ने बताया कि महिला बीते दिन जंगल गई थीं। तभी से लापता थीं। आज सुबह शव बरामद किया गया है। उन्होंने कहा वन विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जा रही है। वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में पिंजरे लगाने, ट्रैप कैमरे सक्रिय करने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही लोगों से जंगल की ओर अकेले न जाने और समूह में ही जाने की सलाह दी गई है।

