Saturday, July 25, 2026
Latest:
सरोकार

नेपाल के हालात से उत्तराखंड रोडवेज की आय प्रभावित, तीसरे दिन भी बंद रही ब्रह्मदेव मंडी

चम्पावत। नेपाल बंद होने से रोडवेज की आय भी प्रभावित हुई है। रोडवेज की आय में प्रतिदिन चार से पांच लाख रुपये की कमी आई है। नेपाल के लोग मजदूरी और नौकरी के लिए भारत के विभिन्न शहरों में जाते हैं। पिछले तीन दिन से नेपाल से आवाजाही नहीं होने से शिमला, दिल्ली, हरिद्वार, चंडीगढ़, हल्द्वानी ,गनाई रूटों पर चलने वाली रोडवेज बसों की आय भी प्रभावित हुई है। रोडवेज के मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल ने बताया कि नेपाल बंद होने से रोडवेज को प्रतिदिन चार लाख रुपये की आय प्रभावित हो रही है।
उधर, नेपाल की ब्रह्मदेव मंडी लगातार तीसरे दिन बंद रही। इस दौरान बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। सीमा में आवाजाही बंद होने से ब्रह्मदेव के व्यापारी परेशान रहे। बाजार बंद होने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। टनकपुर से लगी नेपाल की ब्रह्मदेव मंडी गुरुवार को भी बंद रही। ब्रह्मदेव बाजार व्यवस्थापन समिति के सचिव यज्ञ राज भट्ट ने बताया कि हिंसात्मक आंदोलन के चलते यहां का बाजार बीते मंगलवार से बंद चल रहा है। इससे यहां के व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। ब्रह्मदेव की मंडी बीते सोमवार तक भारतीयों से गुलजार हो रही थी। भारत से लोग बड़ी संख्या में ब्रह्मदेव में खरीददारी करने जाते थे। लेकिन नेपाल देश के हिंसा की चपेट में आने के बाद से ब्रह्मदेव बाजार पर भी इसका असर पड़ा है। भारत सरकार ने नेपाल में भारतीयों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। रोके चलते भारतीय नेपाल नहीं जा पा रहे हैं। जिसके बाद से ब्रह्मदेव में सुनसानी छाई है। इससे यहां के व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *