उत्तराखंड

निर्धारित स्टॉपेज की बजाय बाईपास मार्ग से गुजर जाती हैं रोडवेज की बसें, प्रबंधन से शिकायत

कोटद्वार। बाईपास मार्ग से बसें गुजारने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद भी कई रोडवेज बसों का संचालन बाईपास मार्गों से ही किया जा रहा है। इसकी शिकायत एक बार फिर परिवहन निगम के अधिकारियों से करते हुए सुधार की मांग की गई है। कोटद्वार रोडवेज डिपो की 18 से 20 बसें रोजाना दिल्ली के लिए संचालित होती है। इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, एनसीआर से होकर अन्य क्षेत्रों के लिए बसें चलती हैं। बसों का ठहराव रास्ते के उन सभी स्टॉपेज पर अनिवार्य किया हुआ है जिनके टिकट ई-टिकट मशीन से बन रहे हैं लेकिन कई बसें पिछले कुछ वर्षों में विकसित हुए बाईपास मार्गों से गुजर रही है। कोटद्वार डिपो की रोडवेज बसों  के स्टॉपेज पर नहीं पहुंचने और बाईपास मार्गों से गुजर जाने की शिकायत पर रोडवेज डिपो के समयपाल कक्ष के बाहर नोटिस चस्पा किया गया था। इसमें चालकों-परिचालकों को बाईपास मार्गों से बसें गुजारते हुए निर्धारित स्टॉपेज पर बस नहीं ले जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद भी बसें बाईपास मार्ग से गुजारी जा रही है। शुक्रवार को किरतपुर निवासी मदनपाल सिंह ने एआरएम अनुराग पुरोहित को बताया कि रोडवेज बसें फ्लाईओवर से होकर बिजनौर रवाना हो जाती हैं और किरतपुर के लोग रोडवेज बस सेवा से वंचित रह जाते हैं। इसी तरह अन्य शहरों के बाहर बने बाईपास मार्गों से बसें गुजर रही हैं। उन्होंने आवश्यक कार्य से बिजनौर, मेरठ व दिल्ली जाने वाले लोगों की पीड़ा से अवगत कराते हुए बसों का निर्धारित स्टॉपेज तक पहुंचना सुनिश्चित करने की अपील की। एआरएम ने आकस्मिक निरीक्षण करते हुए सुधार कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *