अपराध

नदी से बोरे में बंद मिली अज्ञात महिला की लाश, बदबू आने पर चला घटना का पता, हत्या की संभावना

 

रुद्रपुर। हल्द्वानी रोड पर मजार के पास बेनी नदी में बुधवार को एक बंद बोरे में महिला का शव मिला। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चेहरा बिड़ने के कारण महिला की पहचान नहीं हो पाई है। बुधवार दोपहर हल्द्वानी मार्ग पर बेनी मजार के पास एक युवक बेनी नदी किनारे गया था। नदी में पड़े एक बोरे से बदबू आने पर उसे शक हुआ। उसके बताने पर अन्य लोग भी मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नदी किनारे पड़े बोरे की रस्सी खोली तो अंदर महिला का शव निकला। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या कर शव बोरे में बंद कर बेनी नदी में फेंका गया है। पानी का बहाव अधिक होने के कारण रास्ते में पत्थरों से टकराने के कारण महिला का चेहरा बिगड़ चुका था। सीओ निहारिका तोमर, एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के भी मौके पर पहुंचे। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
डॉग स्क्वाड ने साक्ष्य एकत्र किए
मौके पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठे किए। जबकि डॉग स्क्वाड ने कातिल के पदचिह्नों की पहचान करने का प्रयास किया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि महिला के शव की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *