नगर निगम की ओर से महज पांच स्थानों पर जलाए जा रहे अलाव, ठंड से परेशान हैं गरीब
कोटद्वार। नगर निगम की ओर से जहां पूर्व में नगर क्षेत्र में 12 चिह्नित स्थानों पर अलाव जलाए जाते रहे हैं। वहीं, इस साल पिछले एक सप्ताह से सर्दी पड़ने के बावजूद महज पांच स्थानों पर ही अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। नगर निगम की ओर से पूर्व में आमपड़ाव, झंडाचौक, बस स्टेशन, मालगोदाम रोड चौराहा, अस्पताल परिसर, देवी मंदिर, कौड़िया तिराहा, नींबूचौड़, दुर्गापुरी, मोटाढाक, कुंभीचौड़ चौराहों में अलाव जलाने की व्यवस्था की जाती है लेकिन इस बार कड़ाके की सर्दी पड़ने के बावजूद महज पांच स्थानों झंडाचौक, लालबत्ती चौराहा, बस अड्डा, बेस अस्पताल व सिमलचौड़ में ही अलाव की व्यवस्था की गई है। कोटद्वार समेत पूरे इलाके में पिछले कुछ दिनों से सुबह से ही कोहरा लगने के कारण हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। दिन में तो फिर भी जैसे तैसे काम चल जा रहा है लेकिन रात को कड़ाके की सर्दी में बाहर रात गुजारना मुश्किल हो रहा है। हैरत की बात यह है कि अभी तक किसी भी पार्षद की ओर से नगर निगम से अपने वार्ड में अलाव जलाने की व्यवस्था करने की मांग नहीं की गई है। वहीं, नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो नगर निगम की ओर से ट्रैक्टर व चालक आउटसोर्स एजेंसी को सौंप दिए गए हैं, जिससे अलाव की व्यवस्था नहीं हो पा रही है।

