Friday, November 13, 2026
Latest:
उत्तराखंड

देर रात ट्रेन से कटकर नर हाथी की मौत

हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग के लालकुआं- बरेली रेल मार्ग पर लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गयी। सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम हाथी की मौत के कारणों की पड़ताल कर रही है। हाथी के ट्रेन से कटकर मौत के बाद वन विभाग और रेलवे प्रशासन पर एक बार फिर से सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस जगह पर घटना हुई है, वह हाथी कॉरिडोर क्षेत्र है और पूर्व में भी इस घटनास्थल पर ट्रेन की कटने से कई हाथियों की मौत हो चुकी है।
यहां यह नर हाथी जंगल से निकलकर रेलवे लाइन को पार कर रहा था। इसी दौरान हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना सोमवार रात करीब 11 के आसपास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाथी उछलकर रेलवे ट्रैक के किनारे एक घर के पास जाकर गिर गया।
एसडीओ अनिल जोशी ने बताया कि विभाग की जांच में सामने आया है कि आगरा फोर्ट ट्रेन से कटकर हाथी की मौत हुई है। जिस क्षेत्र में घटना हुई है, वहां पर आवागमन के लिए ट्रेनों की स्पीड निर्धारित की गई है। हादसे के दौरान ट्रेन की स्पीड की जांच की जा रही है। ट्रेन के चालक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *