देर रात को खड़े ट्राले से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत, दो बहनों का इकलौता भाई था मृत
हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पीली होटल के पास एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रॉले में पीछे से जा टकराया। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गैंडीखाता निवासी 19 वर्षीय हर्षित कुमाई श्यामपुर स्थित अमात्रा होटल में काम करता था। देर रात बाइक से अपने घर लौट रहा था। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर (घोड़ा ट्रक) से टकरा गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रेलर को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
दो बहनों का अकेला भाई था हर्षित
मृतक हर्षित दो बहनों का अकेला भाई था। चंद दिनों बाद बड़ी बहन की शादी होनी थी, जिसकी तैयारियों में परिवार जुटा हुआ था। हर्षित की मौत से घर में मातम पसर गया है। सभी को रो-रोकर बुरा हाल है। पिता साहब सिंह और मां बसंती देवी गहरे सदमे में हैं। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन है। जिस घर में शहनाई बजने की खुशी थी, वहां सन्नाटा पसरा पसर गया है।
एकतरफा प्रेम में युवक ने खाया जहर, मौत
एक अन्य घटना में हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते 23 वर्षीय युवक ने जहर खा लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। युवक सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में कर्मचारी में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष अजय साह ने बताया कि मृतक राहुल पुत्र वेदपाल हेतमपुर, थाना सिडकुल का रहने वाला था। सोमवार रात उसने यह कदम उठाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवक एक लड़की से एकतरफा प्रेम करता था। लड़की के मना करने के बाद उसने जहर खाकर जान दे दी।

