दून में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश,तापमान गिरा
देहरादून। शनिवार को दून में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। जिससे ठिठुरन महसूस होने लगी।
देहरादून में शनिवार को सुबह अच्छी धूप निकलने के बाद दिन होते ही मौसम बदलने लगा और तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई. न केवल देहरादून बल्कि, इसके आसपास के इलाके और कुछ पहाड़ी जिलों में भी हल्की बूंदाबांदी की सूचनाएं मिली है।
दरअसल, मौसम विभाग ने जिस बात की आशंका लगाई थी, वो सच होती भी दिखाई दी। देहरादून के अलावा आसपास के क्षेत्र और उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत जैसे पर्वतीय जिलों में भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार के अलावा रविवार और सोमवार यानी अगले 48 घंटे के दौरान भी इसी तरह आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की भी आशंका जताई गई है।मौसम के करवट लेने के साथ ही तापमान में भी करीब 2 डिग्री तक की कमी रिकॉर्ड की जा रही है. आने वाले 48 घंटे में भी तापमान इसी तरह सामान्य से कम ही रहेंगे।
चारधाम यात्रा को लेकर थोड़ा एहतियात बढ़ते जाने की जरूरत है। हालांकि, मौसम विभाग ने तेज बारिश का आकलन नहीं किया है। इसलिए बहुत ज्यादा परेशानी या चिंता की बात नहीं है, लेकिन क्योंकि पर्वतीय जिलों में विकास कार्य चल रहे हैं। ऐसी स्थिति में हल्की बारिश में भी लैंडस्लाइड की संभावना को देखते हुए श्रद्धालुओं को कुछ एहतियात बरतनी होगी।

