दुष्कर्म के बाद ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने की खुदकुशी, आरोपी गिरफ्तार
पिथौरागढ़। महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले पांच हजार के ईनामी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला की अश्लील वीडियों बनाकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था जिससे तंग आकर महिला द्वारा आत्महत्या कर ली गयी थी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज कुमार लोहिया पुत्र राजेन्द्र प्रसाद निवासी सिरकुंच, थाना झूलाघाट पिथौरागढ़ द्वारा एक महिला से जान पहचान बनाकर उसका शारीरिक शोषण किया गया तथा उसकी अश्लील वीडियो बनाई गयी। इसके बाद वह महिला को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसों की मांग करने लगा। महिला ने अपनी पेंशनर सास एवं पति से किसी न किसी बहाने से पैसे लेकर समय-समय पर आरोपी को बीस हजार रुपये भी दिये किन्तु आरोपी और पैसे की मांग करने लगा। महिला जब और पैसे की व्यवस्था नहीं कर पाई तो उसने बीती 19 जुलाई को घर के पंखे से लटक कर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतका फांसी लगाने के वक्त आरोपी के साथ वीडियो कॉलिंग करते हुए फोन को खिड़की में रख कर पंखे पर लटकी। उसकी पूरी वीडियो आरोपी के मोबाइल से बरामद कर ली गई, जिसमें आरोपी बहुत जोर-जोर से मुस्कुराता दिखाई दिया। मृतका की मां ने आरोपी के खिलाफ 9 अगस्त 2024 को थाना नाचनी में तहरीर दी जिसके आधाार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 5 हजार का ईनाम भी घोषित किया था। उसे पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात ए ब्लाक जेजे कॉलोनी, थाना सुभाष प्लेस, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

