अपराध

दबंगों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक से की मारपीट, एक लाख रुपये लूटने का भी है आरोप

रुद्रपुर।  पुरानी रंजिश के चलते ग्राम शंकर फार्म के कट पर पांच लोगों ने एक मेडिकल होलसेल पर काम करने वाले युवक के साथ मारपीट की। पीड़ित ने आरोपियों पर एक लाख रुपये की लूट का आरोप लगाया है। पुलभट्टा पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना पुलभट्टा अंतर्गत ग्राम भंगा निवासी दुष्यंत गंगवार पुत्र भोला नाथ गंगवार किच्छा में एक मेडिकल की होलसेल की दुकान पर काम करता है। वह बाजार से नियमित दवाइयों के बिलों का कलेक्शन करता है। दुष्यंत ने आरोप लगाया कि ग्राम शंकर फार्म के कुछ युवकों से उसका किसी विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि बीते बुधवार सायं वह दवाइयों का एक लाख रुपये का कलेक्शन बैग में रखकर किच्छा से वापस अपने घर जा रहा था। इस दौरान शंकर फार्म कट के पास पुरानी रंजिश के चलते पांच युवकों ने उसकी बाइक को रोक लिया और उसका बैग छीनने लगे। दुष्यंत के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके ऊपर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसके कारण उसके सर पर गंभीर चोट लगी। आरोपी बैग समेत उसके एक लाख रुपये लूटकर ले गये। डायल 112 पर सूचना देने के बाद दुष्यंत को सीएचसी ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। दुष्यंत ने मामले में पुलभट्टा पुलिस तहरीर दी है। पुलभट्टा थाना इंचार्ज प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *