तेवड़ी निवासी प्रीति नेगी का गृह जनपद पहुंचने पर जनता ने किया जोरदार स्वागत, तोड़ा था पाकिस्तान का रिकार्ड 

अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी को फतह करके बनाया विश्व रिकार्ड
प्रीति नेगी ने साउथ अफ्रीका तंजानिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर लहराया था भारत देश का तिंरगा
रुद्रप्रयाग। साइकिल से अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी को फतह करके नया विश्व रिकार्ड बनाकर पूरे विश्व में भारत का डंका बजवाने वाली रुद्रप्रयाग की बेटी प्रीति नेगी के गृह जनपद पहुंचने पर आर्मी जवान, सैनिक कल्याण विभाग, व्यापारी एवं स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
गौरतलब है कि रुद्रप्रयाग जिले की तेवड़ी चन्द्रनगर की रहने वाली प्रीति नेगी ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को साइकिल से चार दिन में फतह कर तिरंगा फहराया और असंभव काम को संभव बनाया, जिससे रुद्रप्रयाग और उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन हुआ। 18 दिसम्बर की सुबह छः बजे प्रीति नेगी ने साउथ अफ्रीका तंजानिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर भारत देश का तिंरगा लहराते हुए और एक नया विश्व रिकार्ड कायम किया। इससे पूर्व पाकिस्तान की समर खान ने चार दिन में यह समिट पूरा किया था और प्रीति नेगी ने रिकॉर्ड ब्रेक करके तीन दिन में ही समिट पूरा करके नया विश्व रिकार्ड भारत के नाम किया।
प्रीति नेगी के गृह जनपद पहुंचने की खबर सुनते ही लोग जगह-जगह स्वागत में खड़े थे। मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग में नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष चन्द्रमोहन सेमवाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों ने प्रीति नेगी और उनकी माता भागीरथी देवी का जोरदार स्वागत किया। व्यापारियों ने चित्र स्वरूप में केदारनाथ भगवान के प्रतीक चिन्ह के साथ शॉल ओढ़ाकर खुशी जताई। प्रीति नेगी ने स्थानीय लोगोें एवं व्यापारियों से मिले प्यार और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जनपद में पहुंचने पर काफी खुशी हो रही है। उन्होंने बताया कि वे एक शहीद की बेटी हैं, जिसने पाकिस्तान की समर खान को हराकर भारत देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सरकार से समय-समय पर सहयोग की अपेक्षा जताई। साथ ही महिलाओं को संदेश दिया कि महिलाएं अपने जज्बे और जूनून को निखारें और दुनिया के साथ आगे बढ़ती रहें।
नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष चन्द्रमोहन सेमवाल ने कहा कि व्यापार सभा की ओर से प्रीति नेगी का स्वागत किया गया है। प्रीति नेगी ने प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में जनपद का नाम रोशन किया है। इससे जिले का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी प्रीति नेगी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल रुद्रप्रयाग के जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना, नगर अध्यक्ष चन्द्रमोहन सेमवाल, विक्रांत खन्ना, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, प्रकाश सिंह रावत, कलम सिंह रावत, हरि सिंह बिष्ट, सुरेन्द्र सिंह कप्रवाण, कलम सिंह रावत, संजय पाण्डेय, भूपेन्द्र सिंह बिष्ट व पुनीत डुडेजा सहित सैकड़ों की संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *