Friday, November 20, 2026
Latest:
अपराध

तेज़ रफ़्तार डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत भड़का जनाक्रोश, हाईवे किया जाम

 

उधमसिंह नगर। उत्तराखंड में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही आए दिन लोगों की जान ले रही है। ताजा मामला कुमाऊं मंडल के रुद्रपुर से सामने आया है जहां तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
रुद्रपुर के गाबा चौक पर हुए इस दर्दनाक हादसे में रमपुरा निवासी बबलू की मौके पर ही जान चली गई। बताया जा रहा है कि बबलू बाइक से घर लौट रहा था, तभी काशीपुरदृसितारगंज हाईवे पर गल्ला मंडी चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बबलू के दोस्त ने ट्रक का पीछा कर उसे गाबा चौक पर रुकवाया। जैसे ही घटना की सूचना स्थानीय लोगों को मिली बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर हंगामा किया ट्रक में तोड़फोड़ की और हाईवे पर जाम लगा दिया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गाबा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *