तमंचे के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा नशा तस्कर, चरस तस्करी मामले में था वांछित

 

रुद्रपुर। जनपद में वांछित और ईनामी अपराधियों की धरपकड़ को चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना पुलभट्टा पुलिस ने वांछित बदमाश को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। एसएसपी डॉ मंजुनाथ टी सी ने जनपद के थाना प्रभारियों को वांछित और ईनामी अपराधियों की धरपकड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। पुलिस के मुताबिक, पिछली 9 जनवरी को पुलभट्टा पुलिस ने लवप्रीत पुत्र कैलाश चन्द, निवासी वार्ड 6 रेलवे स्टेशन के पास किच्छा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.17 किलो ग्राम अवैध चरस बरामद की थी। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपी ने बताया था कि वह चरस हरि शंकर उर्फ लाला, निवासी बेदी मोहल्ला, थाना किच्छा से लेकर आया था और पहाड़ी क्षेत्रों से चरस एकत्र कर मैदानी क्षेत्रों में ऊंचे दामो में बेचने की बात कबूल की थी। थानाध्यक्ष पुलभट्टा कमलेश भट्ट ने बताया कि पुलिस ने लवप्रीत व हरिशंकर उर्फ लाला के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था। घटना के दिन से ही हरिशंकर उर्फ लाला, निवासी बंगाली कालोनी, रेलवे लाईन किच्छा फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बनाई गई। पुलिस ने वांछित को पुलभट्टा फ्लाई ओवर के पास गोला नदी की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते से दबोच लिया। उसके पास से तमंचा 315 बोर व 2 अदद जिंदा कारतूस बरामद हुए । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *