डाॅ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विपक्षी दलों एवं जन संगठनों ने दी श्रद्धाजंलि, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की ली शपथ
देहरादून। अंबेडकर जयंती के अवसर परआयोजित सर्वदलीय बैठक में उत्तराखंड के प्रमुख विपक्षी दलों एवं विभिन्न जन संगठनों ने घंटाघर स्थित बाबासाहेब अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में चौपाल कार्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने इस बात पर घोर चिंता जताई कि संविधान की कसम खा कर जो लोग संवैधानिक पदों पर पहुंचे हैं, वही लोग सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। विपक्ष और जनता पर दमन की कार्रवाई, भीड़ की हिंसा और बढ़ते भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह इन गैर संवैधानिक नीतियों को छोड़ कर रोज़गार, भ्रष्टाचार, वन अधिकार, कानून का राज और अन्य जन मुद्दों पर कदम उठाये। वक्ताओं ने कहा कि लगातार पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता को कमज़ोर करने का प्रयास दिख रहा है। अंकिता भंडारी और जगदीश चंद की हत्या में प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाये गए हैं। जब भ्रष्टाचार के खिलाफ युवाओं ने आवाज़ उठायी तो उन पर लाठियां चलायी गयीं और गंभीर मुक़दमे दर्ज कर दिये गये। पिछले छह सालों में प्रदेश के इतिहास में पहली बार सतपुली, मसूरी, आराघर, कीर्तिनगर, हरिद्वार, रायवाला, कोटद्वार, चम्बा, अगस्त्यमुनि, घनसाली, देहरादून, रुड़की, नैनीताल और अन्य जगहों में वातावरण को दूषित किया गया। हाल में ही त्यौहार के बहाने कुछ संगठन खुलेआम हथियार उठा कर व सांप्रदायिक नारे लगाते हुए सड़कों पर घूम रहे थे, जबकि ऐसी परंपरा उत्तराखंड में कभी नहीं रही है।
वक्ताओं ने याद किया कि पिछले साल सेना के सेवानिवृत मुखियाओं, राज्यों के सेवानिवृत डीजीपी और उच्चतम न्यायलय के 44 वरिष्ठ वकीलों ने राज्य सरकार को अलग अलग प्रयासों द्वारा याद दिलाने की कोशिश की थी कि हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की ज़िम्मेदारी है। इसलिए अब डाॅ अंबेडकर के मूल्यों और स्वतंत्रा संघर्ष के सपनों के आधार पर आवाज़ उठाना बेहद ज़रूरी हो गया है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने संविधान की उद्देशिका पर कसम खायी कि वे आज़ादी, समानता, न्याय एवं बंधुत्व के लिए आवाज़ उठाते रहेंगे।
कार्यक्रम चौपाल संयोजक सुरेन्द्र कुमार के संयोजकत्व में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कामरेड जगदीश कुकरेती, शांता नेगी, सरोजनी चौहान, विजय नैथानी, हरजिन्दर सिंह, एडवोकेट हरवीर कुशवाहा, जीत सिंह, ए के कटारिया, राकेश पंत, नवनीत गुसाईं, अभिषेक गुसाईं, विरेन्द्र त्यागी, नरेश नौटियाल, शंकर गोपाल, अशोक शर्मा, मुकेश उनियाल, एस एस रजवार, निर्मला बिष्ट, हेमलता नेगी, रामपाल, सुरेश कुमार, महिपाल सिंह, मोहन सिंह नेगी, हेमा वोरा व लेखराज आदि विभिन्न राजनैतिक, सामाजिक व ट्रेड यूनियन नेताओं ने शिरकत की। अंत में कार्यक्रम के संयोजक सुरेन्द्र कुमार ने सभी वक्ताओं का आभार प्रकट करते हुए सबका धन्यवाद प्रकट किया।

