टिहरी बांध पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील
नई टिहरी। डैम में आवश्यक मरम्मत कार्यो के चलते टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड (टीएचडीसी) ने टिहरी बांध के ऊपर से आम वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दी। लोगों से वैकल्पिक मार्गो का इस्तेमाल करने की अपील की गयी है।
टीएचडीसी के अनुसार, सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि मरम्मत कार्य सुचारू रूप से चलते रहें और किसी प्रकार की दुर्घटना या बाधा की संभावना न रहे। केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों जैसे एम्बुलेंस, पुलिस, आपातकालीन सेवा या विभागीय वाहन को ही डैम के ऊपर से गुजरने की अनुमति होगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से डैम की ओर न आएं। मरम्मत कार्य पूरा होते ही यातायात बहाल किए जाने की जानकारी अलग से जारी की जाएगी। स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए यह अस्थायी प्रतिबंध कुछ असुविधा पैदा कर सकता है। लेकिन विभाग का कहना है कि क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम बेहद जरूरी है।

