टिहरी गढ़वाल के डीएम ने नहीं मनाई रविवार की छुट्टी, अस्पताल पहुंचकर किये 87 मरीजों के अल्ट्रासाउंड, पेश की इंसानियत की मिसाल

 

टिहरी (गढ़वाल)। डाॅक्टरों को इंसान के रूप में भगवान भी कहा जाता है। कर्तव्य के प्रति अपनी निष्ठा और पेशे के प्रति ईमानदारी की कसौटी पर अधिकांश डाॅक्टर इस अवधारणा को चरितार्थ भी करते दिखते हैं। प्राय: इसी रूप में मरीजों का सहारा बन जाते हैं टिहरी गढ़वाल के जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार, जो प्रशासनिक अधिकारी होने के बावजूद जरूरत पड़ने पर अपने चिकित्सकीय हुनर का इस्तेमाल जनपदवासियों की सेवा के लिए करने से जरा भी नहीं हिचकचाते। जिलाधिकारी डाॅ सौरभ गहरवार ने रविवार को एक बार फिर अपने इस हुनर को जरूरतमंद नागरिकों को समर्पित किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर में 87 अल्ट्रासाउंड किये। रविवारीय अवकाश के बावजूद जिलाधिकारी डाॅ गहरवार ने आज इंसानियत का फर्ज़ अदा करते हुए सामाजिक कार्यों में अपना योगदान देकर एक मिसाल कायम की।
जनपद क्षेत्रान्तर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर पहुंचकर जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया गया तथा इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में 87 अल्ट्रासाउंड किये गए, जिसमें 82 गर्भवती महिलाओं के और 05 जनरल अल्ट्रासाउंड शामिल हैं। जिलाधिकारी डाॅ गहरवार ने अस्पताल में साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही मरीजों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी जिलाधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर में 27 नवम्बर, 2022 को 82 तथा 04 दिसम्बर, 2022 को 80 अल्ट्रासाउंड किये गए थे।
इस दौरान एसडीएम घरसाली के.एन. गोस्वामी, सीएमओ डाॅ. संजय जैन, सीएमएस जिला चिकित्सालय बौराड़ी डॉ. अमित रॉय सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *