जंगली हाथी ने एक महिला को उतारा मौत के घाट, तीन को किया गंभीर रूप से घायल

कोटद्वार। कोटद्वार रेंज में मंगलवार सुबह  लालपुर क्षेत्र के जंगल में चारापत्ती लेने गई महिलाओं पर अचानक हाथी ने हमला कर दिया। इस दौरान एक महिला की मौत हो गई। वहीं, तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएफओ दिनकर तिवारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 11 बजे की है। लालपुर क्षेत्र से चार महिलाएं मवेशियों के लिए चारापत्ती लेने जंगल जा रही थीं, इस दौरान आबादी से करीब एक किलोमीटर दूरी पर ही हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
इस दौरान लक्ष्मी चौधरी (48) पत्नी सुनील चौधरी की जान चली गई। वहीं, सुनीता जखवाल(40) पत्नी सुनील जखवाल, सुमन(37) पत्नी अजय कुमार और अनिता देवी(42) पत्नी मुकेश घायल हो गईं। घायलों का इलाज चल रहा है।
उधर, देहरादून के डोईवाला के नकरौंदा क्षेत्र में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को रात को भी नकरौंदा में किसान लखबीर सिंह के घर की बाउंड्री तोड़कर हाथी घर के आंगन में प्रवेश कर गया। जब घर के लोगों ने हाथी को भगाने का प्रयास किया तो हाथी उन पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ा। इससे पहले रविवार की रात भी हाथी ने उनके खेतों की बाउंड्री तोड़ दी थी। यहां लगातार हाथी खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।
खुलेआम मार्ग पर घूम रहे हाथी की लगातार आवाजाही से वन विभाग की गश्त की पोल भी खुल रही है। वन विभाग सोया हुआ है तो वहीं हाथी आबादी क्षेत्र में प्रवेश कर फसलों के नुकसान के अलावा अब लोगों पर हमला भी कर रहा है। जिससे ग्रामीणों में बेहद नाराजगी है। किसान लखबीर सिंह ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से हाथी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।पिछले कुछ दिनों से लगभग 14 हाथी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। यहां के किसानों की फसलों को तहस-नहस करने में लगे हैं। इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने भी अब आंदोलन की चेतावनी दी है।
किसान लखबीर सिंह ने बताया कि बीती रविवार रात्रि उनकी चहारदीवारी हाथी ने तोड़ दी और फसल को भी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि उनकी गेहूं की फसल को हाथी कई बार बर्बाद कर चुके हैं। प्रतिवर्ष उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है।उन्होंने बताया कि अभी तक उन्हें ना ही पूर्व में हुए नुकसान का मुआवजा मिला है और ना ही वन विभाग इस मामले को लेकर गंभीर है। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि यदि वन विभाग ने हाथी की रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाया तो ग्रामीण धरना- प्रदर्शन करेंगे।
वहीं लच्छीवाला के वन क्षेत्राधिकारी घनानंद उनियाल ने कहा कि हाथियों की रोकथाम के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। जल्द सोलर फेंसिंग को भी दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने बताया गांव के ही कुछ लोग इन तारों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे हाथी गांव में घुस कर फसल को चैपट कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *