छापामारी में देवदार की बेशकीमती अवैध लकड़ी बरामद, आरोपी फरार
उत्तरकाशी। वन विभाग की तमाम चौकसी के बावजूद प्रदेश में वनों मेंं पेड़ों का अवैध कटान और वन उपजों की तस्करी जारी है। ऐृसा ही एक मामला जिले के बड़कोट क्षेत्र में सामने आया है, जहां वन विभाग की छापेमारी में अवैध रूप से काटी गयी देवदार की कीमती लकड़ी पकड़ी गयी है।
जानकारी के मुताबिक, अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट के कुथनौर रेंज में प्रभागीय वनाधिकारी डॉ अभिलाषा सिंह के निर्देश पर वनकर्मियों द्वारा छापेमारी की गई, जिसमें उन्नीस अवैध नग देवदार के बरामद किये गये। वन विभाग ने आरोपी शख्स के विरुद्ध वन अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी फऱार बताया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट के प्रभागीय वनाधिकारी डॉ अभिलाषा सिंह के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने कुथनौर रेंज के ग्राम किमडार (सर–बडियाड़ )में अवैध इमारती लकड़ी के खिलाफ छापेमारी व चेकिंग की। चेकिंग के दौरान किमडार गांव के देवेंद्र पुत्र नरेंद्र सिंह के घर से उन्नीस नग अवैध देवदार की लकड़ी के बरामद किये गये।आरोपी ब्यक्ति घर से नदारद है, उक्त ब्यक्ति के विरुद्ध वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि लकड़ी के नगों को जब्त कर सीज कर दिया गया है !
वन विभाग की टीम में रेंज अधिकारी, शिव प्रसाद गैरोला, सुभाष चंद्र घिल्डियाल, क्यू आर टी टीम लीडर शेखर सिंह राणा, वन दरोगा जयदेव सिंह रावत, विजलिया, भगवान सिंह राणा, अतोल सिंह चौहान, जयदेव, वन वीट अधिकारी सुनील सिंह गुंसाई, कपिल व धनपाल सहित अन्य वनकर्मी शामिल थे।
