चौकी इंचार्ज पर मुफ्त में खाना खाने का आरोप, डीजीपी ने दिए जांच के आदेश
डोईवाला। यथार्त रेस्टोरेंट के संचालक ने जौलीग्रांट चौकी इंचार्ज मुकेश डिमरी पर फ्री में खाना ना देने पर हंगामा और अभद्रता करने का आरोप लगाया। मामले में रेस्टोरेंट संचालक ने आरोपी चौकी इंचार्ज के खिलाफ डीजीपी और एसएसपी से शिकायत की है। वहीं, डीजीपी ने मामले में जांच बैठा दी है। डोईवाला के यथार्त रेस्टोरेंट संचालक जगतपाल सिंह ने डीजीपी को शिकायती पत्र में बताया कि कुछ समय से जौलीग्रांट पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी और चौकी इंचार्ज उनके रेस्टोरेंट्स में आकर फ्री में भोजन कर चले जाते हैं। वही मंगलवार को वह अपने परिवार के साथ शादी की सालगिरह मना रहे थे, तभी जौलीग्रांट चौकी का एक कॉन्स्टेबल होटल में आया और भोजन पैक करा कर पैसे देने से इनकार करने लगा।
पैसे मांगने पर कॉन्स्टेबल गुस्सा करने लगा और उस समय भुगतान करके चला गया, लेकिन मंगलवार की रात करीब 10ः30 बजे चौकी प्रभारी मुकेश डिमरी अपने कई सिपाहियों के साथ सायरन बजाते हुए वाहन से पहुंचे और रेस्टोरेंट में आकर हंगामा करने लगे। रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि सभी सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने जांच बैठा दी है। यह जांच डोईवाला कोतवाली प्रभारी आईपीएस चंद्रशेखर को सौंपी गई है। जांच अधिकारी ने मौके पर जाकर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। रेस्टोरेंट संचालक ने आरोप लगाया कि जौलीग्रांट चौकी प्रभारी आए दिन अपने मित्रों को फ्री का भोजन करने के लिए भेजते रहते हैं। वहीं, संचालक की शादी की सालगिरह वाले दिन फ्री में भोजन ना देने पर देर रात चौकी इंचार्ज ने रेस्टोरेंट में आकर अभद्रता की। जिसके बाद से होटल का स्टाफ डरा हुआ है।
