चार लोगों की हत्या के मामले में फरार बदमाश को एसटीएफ ने दबोचा, 25 हजार का इनाम था घोषित
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने हत्या मामले में फरार चल रहे एक ईमामी बदमाश को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी को हिमाचल प्रदेश के मंडी से गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा उत्तराखंड के ईनामी अपराधियों के खिलाफ चलायी जा रही मुहिम में एसटीएफ टीम द्वारा 04 हत्याओं के मामले में शामिल एक कुख्यात हत्यारोपी को मंडी,हिमाचल प्रदेश में जाकर दबोच लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ द्वारा बताया गया कि एसटीएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना लक्सर क्षेत्र में 06 मई 2021 को खेड़ीखुर्द, लक्सर में घटित चौहरे हत्याकांड में शामिल आरोपी याद हुसैन पुत्र ताहिर, निवासी खेड़ीखुर्द लक्सर, हरिद्वार जिसकी गिरप्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया है, मौजूदा समय में मंडी, हिमाचल प्रदेश में छिप कर रह रहा है। इस सूचना पर एसटीएफ की टीम द्वारा मंडी हिमाचल प्रदेश में दबिश देकर आरोपी याद हुसैन को गिरप्तार कर लिया गया, जिसे देर रात थाना लक्सर में दाखिल कराकर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 06 मई 2021 को हरिद्वार जिले के खेड़ीखुर्द में 4 लोगों’ की हत्या कर दी गयी थी, जिसके संबंध में कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके बाद से आरोपी याद हुसैन लगातार फरारी काट रहा था और अलग अलग जगह रह रहा था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी मंडी हिमाचल प्रदेश में छिपकर रह रहा था।

