ग्रामीणों ने आपदा प्रभावित क्षेत्र को विशेष राहत पैकेज देने की मांग को लेकर सीएम को भेजा ज्ञापन
पिथौरागढ़। ग्रामीणों ने सरकार से आपदा प्रभावित क्षेत्र थलकेदार को विशेष राहत पैकेज देने की मांग की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन देते हुए कहा कि बारिश से क्षेत्र में खासा नुकसान हुआ है। इससे 24 से अधिक गांवों में रहने वाले लोगों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। नगर के कलक्ट्रेट में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल मेहता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम विनोद गोस्वामी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान मेहता ने कहा कि थलकेदार क्षेत्र में थरकोट, डाल, जामिरखेत, फगाली, बेतखोली, इग्यारदेवी, ताली, कांटे, मैलौत, बमनथल, धिंघरानी, सिरपोली, स्यूनी, पांगर, धारी, धमौड़, खड़किनी, गढ़कोट, हाट, बोरागॉव, बालाकोट, टाला, बजौड़ आदि गांव शामिल हैं। इन गांवों में रहने वाले सैकड़ों लोग खेती, मत्स्य पालन आदि कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बारिश से इन गांवों में पेयजल, सिंचाई नहरें, गूल, सम्पर्क मार्ग, सड़क मार्ग के साथ ही मत्स्य तालाब और खेती की भूमि भी बह गई। ज्ञापन देने वालों में नरेश, दीवान सिंह, पूरन सिंह आदि रहे।

