गिरफ्तार नदीम को भेजा गया जेल, मुठभेड़ में पुलिस की गोली से हुआ था घायल
रुद्रपुर। पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए नशा तस्कर नदीम उर्फ नजीम को पुलिस ने अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। एक फरवरी को नशा तस्करी की सूचना पर सुभाष कॉलोनी में कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और एएनटीएफ टीम पर पथराव मामले में आरोपी एक महीने से फरार चल रहा था। रविवार देर रात पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर पुलिस ने उसी बाइक को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद उसे घेरकर घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है थी। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि इलाज के बाद आरोपी नदीम को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला किशोरी का शव
इधर, बंगाली कॉलोनी आजादनगर वार्ड-2 में घर के अंदर एक किशोरी का शव साड़ी के फंदे में लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि आजाद नगर बंगाली कॉलोनी में एक किशोरी ने साड़ी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा की परिजनों ने शव को कमरे के फर्श पर लिटा रखा था। आजाद नगर पुलिस चौकी इंचार्ज पवन जोशी ने बताया कि 15 वर्षीय डॉली घर पर ही रहती थी। उसके पिता बंटी एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते हैं। बंटी के अनुसार, गुरुवार को डॉली घर में अकेली थी। उसने घर के अंदर कमरे में साड़ी का फंदा बना कर पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। शोर शराबा होने पर घरवाले मौके पर पहुंच गए। एसआई पवन जोशी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
