गंगाजल लेने गया किशोर पैर फिसलने से गंगा में गिरकर हुआ लापता

ऋषिकेश।  शनिवार की सुबह यहां एक किशोर  के लिए  मौत का फरमान लेकर आयी। गंगाजल भरने के दौरान पैर फिसल जाने से वह गंगा में जा गिरा और कुछ ही पलों के भीतर  गंगा की उफनती लहरों में समा गया। घटना मुनी की रेती के शीशमझाड़ी स्थित दयानंद घाट पर उस वक्त घटी  जब सुबह-सुबह 19 साल का एक किशोर गंगाजल भरने गया। उसी दौरान पैर फिसल जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गंगा में जा गिरा और तेज बहाव में बह गया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गंगा के तेज बहाव में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

मामले की जानकरी देते हुए मुनि की रेती थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि क्षेत्र के दयानंद घाट पर आज सुबह सुबह नितिन कुमार पुत्र राकेश कुमार नाम का एक 19 वर्षीय किशोर गंगाजल भर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गंगा में गिर कर  तेज बहाव में बह गया।किशोर को गंगा में बहते देख आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हुए। उनके देखते ही देखते किशोर उफान पर बह रही गंगा की लहरों में  गुम हो गया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों के द्वारा मुनी की रेती पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाने के लिए एसडीआरएफ को बुलाया।

एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर गंगा के तेज बहाव में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम द्वारा गंगा में कांटा डालकर किशोर की तलाश की गई। समाचार भेजे जाने तक किशोर का कुछ पता नहीं चल पाया था। गौरतलब है कि बरसात की वजह से इन दिनों गंगा पूरे उफान पर है। यही कारण है कि ऐसी घटनाओं के दौरान एसडीआरएफ की टीम के सामने सर्च ऑपरेशन चलाने में भारी दिक्कतें पेश आती हैं। हालांकि जल पुलिस या एसडीआरएफ के जवान प्राणों को दांव पर लगा कर भी अपनी फर्ज अदायगी में जुटे रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *