कुमाऊं के मंडलायुक्त दीपक रावत ने की जन सुनवाई , लोगों की शिकायतों का मौके पर कराया समाधान

 

जलजीवन मिशन के कार्यों में देरी होने पर इंजीनियरों को लताड़ा

हल्द्वानी। मंडलायुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में शिकायतकर्ता एवं अधिकारियों के साथ रूबरू होकर लंबित जनसमस्याओं का समाधान किया। विगत जनता दरबार में शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का आयुक्त रावत द्वारा मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिकायतकर्ता गीता नेगी, निवासी कमलुवागांजा ने बताया कि 900 वर्ग फीट प्लाट उन्होंने दीपक सिंह, निवासी कमुलवागांजा से क्रय किया था। श्रीमती नेगी ने आयुक्त को बताया कि 7 लाख 80 हजार धनराशि का भुगतान उन्होंने बैंक व कैश के रूप में दीपक को दी थी। दीपक द्वारा प्लाट की रजिस्ट्री दो वर्षों से नहीं की गई है, ना ही धनराशि वापस की गई। आयुक्त रावत ने जनता दरबार में भू-विक्रेता दीपक एवं गीता नेगी का आपसी संवाद कराया जिसमें दीपक द्वारा कबूल किया कि उन्होंने 7 लाख 80 हजार की धनराशि प्राप्त की है। आयुक्त रावत ने दीपक को हिदायत दी कि एक सप्ताह के भीतर सम्पूर्ण धनराशि गीता नेगी को वापस की जाए अन्यथा उसके खिलाफ फ्रॉड-लैंड एक्ट के तहत कठोर कानूनी कार्यवाही के साथ ही एफआईआर दर्ज की जायेगी। कमला पंत, मधुवन कॉलोनी गोविन्द गढवाल ने आवासीय भवन के निकट 11 केवी विद्युत लाईन के शिफ्टिंग कराने का अनुरोध किया। मौके पर अधिशासी अभियंता डीडीएस पांगती ने बताया कि अवर अभियंता द्वारा स्थलीय निरीक्षण के पश्चात उक्त कार्य सम्पादन हेतु 1 लाख 21 हजार का आंकलन किया गया। श्रीमती कमला पंत द्वारा उक्त धनराशि कार्यालय में जमा करने के पश्चात विद्युत विभाग द्वारा कार्य सम्पादित किया जायेगा। जाहिद हुसैन, निवासी पाकीजा कॉलोनी, काशीपुर ने जसपुर खुर्द पाकिजा कालोनी में प्लाट लिया था। कब्जा नहीं मिलने के कारण मकान का निर्माण नहीं हो पाया। आयुक्त द्वारा जाहिद हुसैन को खाली प्लाट व अर्द्वनिर्मित मकान पर कब्जा दिलाया गया, जिस पर जाहिद हुसैन ने आयुक्त का धन्यवाद व्यक्त किया।
जनता दरबार में आयुक्त ने जलजीवन मिशन के अन्तर्गत कार्यां की समीक्षा की। जलजीवन मिशन के अन्तर्गत कार्य लम्बित होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कालाढूंगी विधान सभा के अन्तर्गत होने वाले जलजीवन मिशन में अधिशासी अभियंता ने अवगत कराया कि अभिलेख जीएम एवं अधीक्षण अभियंता स्तर पर लम्बित हैं। आयुक्त ने कहा कि जनपद में जलजीवन मिशन के अन्तर्गत कार्यों में कोताही बरतने पर सम्बन्धित अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलजीवन मिशन के अन्तर्गत होने वाले कार्यों को समयावधि में पूर्ण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *