कुमाऊं के इतिहास पर की गई गलत टिप्पणी पर यूकेडी ने जताया विरोध
हल्द्वानी। कुमाऊं के इतिहास पर एक युवक की इंटरनेट पर टिप्पणी ने माहौल गर्मा दिया है। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने टिप्पणी को अपमानजनक बताते हुए कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया। कहा कि अपलोड वीडियो डिलीट करने के साथ ही आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया जाए। गुरुवार को यूकेडी के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ता हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे। उनका कहना था कि एक फेसबुक यूजर ने एक ऑडियो-वीडियो तैयार कर कुमाऊं के इतिहास को लेकर टिप्पणी की है, जो पूरी तरह गलत है। पोस्ट में व्यक्ति ने अपना व उसकी सात पुश्तों का सम्बन्ध हल्द्वानी से होने का दावा करते हुए कुमाउनी संस्कृति, परंपरा और पृष्ठभूमि के लोगों के लोगों के बारे में सार्वजनिक रूप से अपमानजनक कथन कहे हैं। फेसबुक यूजर ने कुमाऊं के इतिहास को चुनौती दी है। कहा कि आरोपी ने सौहार्द और शान्तिपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने की कोशिश की है। शिकायत देने वालों में प्रताप सिंह चौहान, मोहन सिंह, एमसी पंत, मदन सिंह मेर, बची सिंह बिष्ट, कैलाश जोशी, प्रकाश जोशी, सुरेश जोशी, रोहित, खड़क सिंह बगड़वाल, नरेंद्र कुमार पांडेय, गोविंद सिंह आदि शामिल रहे। कोतवाल राजेश यादव ने जांच का आश्वासन दिया है।

