कांग्रेस में बढ़ी पूर्व सीएम हरीश रावत की हैसियत, राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे की स्टियरिंग कमेटी में किया गया शामिल
देहरादून। उत्तराखंड के वरिष्ठ एवं दिग्गज कांग्रेसी नेता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर पार्टी हाईकमान ने एक फिर सम्मानजनक भाव दिखाया है। कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने हरीश रावत को अपनी स्टीयरिंग कमेटी में उत्तराखंड से शामिल कर के जता दिया है कि कांग्रेस में उनकी इज्जत और उपयोगिता अब भी बरकरार है।
हरीश रावत किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वे उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और केंद्रीय नेतृत्व भी हरीश रावत पर काफी भरोसा रखता है। यही वजह है कि कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने अपनी स्टीयरिंग कमेटी में उत्तराखंड से हरीश रावत को शामिल कर न केवल उन पर पार्टी के भरोसे को प्रमाणित किया है बल्कि उन्हें चुका हुआ नेता बताकर उनकी उपयोगिता को ख़ारिज करने वाले लोगों को भी करारा जवाब दे दिया है। । पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के इस चयन पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का कहना है कि हरीश रावत की उपयोगिता और उनके अनुभव का लाभ पार्टी लेना चाहती है। इसलिए उनको कमेटी में शामिल कर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें नई जिम्मेदारी दी है। खास बात यह है कि इस नई टीम में उत्तराखंड से एकमात्र हरीश रावत को ही शामिल किया गया है, जबकि टीम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जैसे दिग्गज नेता शामिल है। अब देखने वाली बात होगी कि उत्तराखंड में पार्टी के भीतर मौजूद हरीश रावत के मुखर और मौन दोनों तरह के विरोधी उनकी इस हैसियत को कितना स्वीकार कर पाते हैं।

