कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने भाजपा पर लगाया वोटों की लूट का आरोप, देहरादून में डाला डेरा
देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के लिए मतदान हुए। कई जिलों में भाजपा की जीत के बाद कांग्रेस ने अपनी सबसे मजबूत सीट, देहरादून जिला अध्यक्ष पर पूरा ज़ोर लगा दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने डाला डेरा
कांग्रेस को डर है कि भाजपा देहरादून में उनके साथ ‘खेला’ कर सकती है, इसलिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जैसे प्रीतम सिंह, करन माहरा, काजी निजामुद्दीन, सूर्यकांत धस्माना और राजकुमार, देहरादून जिला पंचायत भवन के बाहर डेरा डाले हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक चुनाव के नतीजे नहीं आ जाते, वे वहाँ से नहीं हटेंगे।
कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने भाजपा पर चुनाव को प्रभावित करने के लिए धन, बल और सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देहरादून में जिला पंचायत सदस्यों को एसएसपी ऑफिस बुलाकर डराया-धमकाया गया और धमकी दी गई कि अगर उन्होंने भाजपा के पक्ष में वोट नहीं दिया, तो उनकी ज़मीनें सरकार अपने कब्जे में ले लेगी।
वोटों की चोरी और लूट का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा पर वोटों की चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में तो भाजपा वोट चोरी कर रही थी, लेकिन उत्तराखंड में दिनदहाड़े लूट कर रही है। उन्होंने नैनीताल की घटना का ज़िक्र करते हुए कहा कि वहाँ बंदूक की नोक पर वोट लूटे गए, जिसका लाइव वीडियो नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के फेसबुक अकाउंट पर रिकॉर्ड किया गया है। माहरा ने यह भी कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों पर गैरसैंण में होने वाले मॉनसून सत्र में सरकार से जवाब माँगेगी।

