एसटीएफ को मिली बड़ी कामयाबी,12 सौ करोड़ रुपए के घोटाले में 10 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
देहरादून। एसटीएफ ने 1200 करोड़ का घोटाला करने वाले गिरोह के 10 हजार रुपए के इनामी सदस्य को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इस मामले में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि साइबर क्राईम पुलिस स्टेशन पर 04 सिंतबर 2021 को अमित कुमार पुत्र रामेश्वर प्रसाद, निवासी- डी-2, ज्वालापुर, सुभाषनगर, जनपद हरिद्वार ने मामला दर्ज कराया था कि एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर मसाले आदि चीजों की चीन से आनलाइन ट्रेडिंग पर इन्वेस्टमेंट करके ज्यादा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर उससे विभिन्न तिथियों में भिन्न-भिन्न खातों में 15 लाख रुपए की ठगी की गयी।
इसके बाद एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक टीम का गठन किया। गठित टीम ने वारदात में प्रयुक्त विभिन्न बैंक के खातों का विश्लेषण किया। विश्लेषण के बाद इस मामले में मनी-लांड्रिग व चाईनिज कनेक्शन होना प्रकाश में आया, जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुये एक आरोपी रोहित कुमार को पंजाब के फरीदकोट (पाकिस्तान बार्डर) से, दो आरोपियाों को अभियुक्तों को भोपाल मप्र से एवं एक आरोपी को राउरकेला उड़ीसा से गिरफ्तार किया गया। मामले में मुम्बई के 1 फिल्म निर्माता की संलिप्तता पाये जाने पर 41 (।) सीआरपीसी का नोटिस तामील कराया गया । विवेचना के क्रम में दिल्ली में स्थित कम्पनियों पर कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों के विरुद्व न्यायालय से गैर जमानती वांरट प्राप्त कर लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया और तीन आरोपियों को 41 (।) सीआरपीसी का नोटिस तामील कराया गया। इसके अलावा नेपाली मूल के अन्य आरोपी, जो कि दुबई और नेपाल में पैसे भेजने वाले हवाला संचालक का काम कर रहा था, उसे विगत माह दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में न्यूनतम 1200 करोड़ रुपए के घोटाले का पर्दाफाश हुआ है।
अभियोग में आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही हेतु गठित टीम द्वारा घटना में प्रयुक्त मोबाईल नंबर, व शिकायतकर्ता से प्राप्त धनराशि की जानकारी प्राप्त की गयी तो प्रकाश में आये आरोपियों द्वारा स्वयं को जीएलसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में आनलाईन ट्रेडिंग की बात बताकर फर्जी बेवसाइट के माध्यम से पैसे कमाने का लालच देकर वादी से हुई धोखाधड़ी का संबंध पाये जाने पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए टीम को नई दिल्ली व अन्य संभावित स्थानों को रवाना किया गया।
इस मामले में अब पुलिस टीम द्वारा अथक मेहनत एवं प्रयास से आरोपियों द्वारा पीड़ित को दिए गए खाते के खाताधारक की जानकारी प्राप्त कर खाताधारक के संबंध में साक्ष्य एकत्रित करते हुए अभियोग में 10 हजार रुपये के ईनामी अश्वनी कुमार तिवारी (36) पुत्र चंद्रमणि तिवारी, मूल निवासी ग्राम व पोस्ट भभुआ, थाना भभुआ, जनपद कैमूर बिहार व हाल निवासी मकान नंबर 2 3 फ्लोर मंगल बाजार रोड, विजय विहार, उत्तमनगर, थाना बिंदापुर दिल्ली को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

