ईपीएफ पर ब्याज दर कम करने के खिलाफ अभियान चलाएगा जन संगठन
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व सांसदों को भेजे जायेंगे पोस्ट कार्ड व ज्ञापन
देहरादून।
‘जनसरोकारों पर बात मंच’ ने ईपीएफ पर ब्याज दर कम के निर्णय के विरुद्ध आन्दोलन की रूप रेखा तैयार करने के लिये यहां एक बैठक का आयोजन किया। चौपाल कार्यालय में बैठक में सामाजिक संगठनों ने भागीदारी की। बैठक को सम्बोधित करते हुए संयोजक सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि आज शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव का शहीद दिवस है। उनकी क्रान्ति से प्रेरणा लेकर ही ये सभा आयोजित की गई है। केन्द्र सरकार ने ईपीएफ की ब्याज दर को कम कर कर श्रमिक वर्ग के सामाजिक व आर्थिक हितों के साथ खिलवाड़ किया है। केन्द्र सरकार की तमाम नीतियां आम आदमी व कामगारों के विरुद्ध चल रही हैैं। उन्होंने कहा कि आज कल्याणकारी राज्य की अवधारणा भी खतरे में पड़ गई है। ऐसे में तमाम लोगों को संगठित होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में ऑल इण्डिया ट्रेड यूनियनों द्वारा 28 व 29 मार्च के भारत बंद के आह्वान का समर्थन व ईपीएफ की ब्याज दर कम करने के निर्णय के विरुद्ध पोस्ट कार्ड अभियान चलाया जायेगा जिसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व सांसदों से ईपीएफ ब्याज की दरों को कम करने के निर्णयों को वापस लेने की मांग की जायेगी। उन्होंने बताया कि ट्रेड यूनियन आन्दोलन के जुड़े दीपक शर्मा ने विस्तार से कामगारों के हितों के विरुद्ध केन्द्र सरकार द्वारा जारी विभिन्न योजनाओं को भी सभा में रखा। बैठक का संचालन महेन्द्र सिंह नेगी गुरु जी व अध्यक्षता ‘अपना परिवार’ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम भट्ट द्वारा की गई। सभा में सिविल सोसाईटी के एक्टिविस्ट प्रेम सिंह दानू एडवोकेट, ट्रेड यूनियन नेता दीपक शर्मा, भू कानून आन्दोलन से सागर रावत, शिक्षक नेता लक्ष्मण सिंह चौहान, शीशपाल सिंह बिष्ट, सुधीर सिंह, विजय पाहवा, मोहन सिंह रावत, लक्ष्मी कान्त, प्रकाश पंत, मनीष कुमार, समीर श्रीवास्तव, के वी थापा, महेन्द्र सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सभा आरम्भ करने से पूर्व शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

