छः मई को तुंगनाथ मंदिर व 19 मई को खुलेंगे मदमहेश्वर मंदिर के कपाट
क्रमशः छः व उन्नीस मई को कर्क लग्नानुसार खुलेंगे दोनों के कपाट
दिलवर सिंह बिष्ट
रुद्रप्रयाग। तुंगनाथ मन्दिर के कपाट आगामी 06 मई तथा श्री मद्महेश्वर मन्दिर के कपाट 19 मई को कर्क लग्नानुसार खोल दिये जाएंगे।
इस आशय की जानकारी देते हुये कार्याधिकारी श्री केदारनाथ मन्दिर समिति ने अवगत कराया कि यात्राकाल में श्री तुंगनाथ मन्दिर के कपाट 06 मई को अपराह्न 12 बजे कर्क लग्न में खोले जाएंगे। 03 व 04 मई को श्री तुंगनाथ की डोली मक्कूमठ मन्दिर गर्भगृह से बाहर आकर श्री भूतनाथ मन्दिर में रात्रि अवस्थान करेगी। 05 मई को भगवान की चलविग्रह डोली भूतनाथ मन्दिर से प्रस्थान कर रात्रि विश्राम हेतु भूतनाथ मन्दिर चोपता पहुंचेगी। 06 मई को भगवान की उत्सव डोली चोपता से प्रातः प्रस्थान कर अपराह्न 12ः00 बजे कर्क लग्न में भगवान श्री तुंगनाथ मन्दिर के कपाट खोले जायेगें।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि यात्राकाल के लिए श्री मद्महेश्वर मन्दिर के कपाट 19 मई को कर्क लग्नानुसार खोले जाएंगे। 15 व 16 मई को भगवान श्री मद्महेश्वर की उत्सव मूर्ति ओंकारेश्वर मन्दिर ऊखीमठ में मन्दिर गर्भगृह से बाहर आकर श्री ओंकारेश्वर मन्दिर स्थित सभामण्डप में अवस्थान करेगी। 17 मई को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली श्री ओंकारेश्वर मन्दिर से प्रातः प्रस्थान कर रात्रि विश्राम हेतु राकेश्वरी मन्दिर रांसी पहुंचेगी। 18 मई को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली राकेश्वरी मन्दिर से प्रस्थान कर रात्रि विश्राम हेतु गौण्डार पहुंचेगी। 19 मई को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली ग्राम गौण्डार से प्रातः प्रस्थान करेगी तथा कर्क लग्न में भगवान मद्महेश्वर मन्दिर के कपाट खोल दिये जाएंगे।

