आपस में भिड़े दो बाइक सवार, एक की मौत, एक गंभीर घायल
विकासनगर। कोर्ट रोड ढकरानी के पास विपरीत दिशा में जा रही दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार ग्राफिक एरा अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे अब्बास पुत्र शब्बीर निवासी वार्ड नंबर सात ढकरानी अपनी मोटर साइकिल से ढकरानी से हरबर्टपुर की तरफ जा रहा था। वहीं, अंबरीश चौहान पुत्र आषाढ़ सिंह निवासी ग्राम निचिया कासली हाला निवासी डांडा कॉलोनी डाकपत्थर भी अपनी बाइक से हरबर्टपुर से ढकरानी की तरफ जा रहा था। ढकरानी कोर्ट रोड के सामने विपरीत दिशा में चल रहे दोनों बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई थी। इस हादसे में अब्बास (26 वर्ष) पुत्र शब्बीर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अंबरीश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर हल्का प्रभारी ढकरानी विकसित पंवार और चौकी प्रभारी हरबर्टपुर सनोज कुमार मौके पर पहुंचे। घायल अंबरीश को 108 की मदद से लेहमन अस्पताल भेजा गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्राफिक एरा अस्पताल भेज दिया गया। मृतक अब्बास का शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पंचायतनामा भर कर कार्रवाई कर रही है। चौकी प्रभारी सनोज ने बताया कि क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों को चौकी में खड़ा किया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
