अब  कुमाऊं में भी सक्रिय हुआ गुलदार,  बुजुर्ग महिला को घर से उठा कर खा गया आदमखोर 

 

बागेश्वर। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आदमखोर तेंदुओं की सक्रियता ने एक बार फिर यहां के लोगों को दहशत के आगोश में डूब जाने को विवश कर दिया है।  गढ़वाल में गुलदार द्वारा 5 साल के मासूम को उसकी मां के सामने उठा कर मार डालने की घटना को अभी 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि अब कुमाऊं में भी आदमखोर गुलदार एक इंसानी जिंदगी के लिए  यमदूत बन गया। मामला बागेश्वर जनपद का है, जहां बीती रात एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। आज सुबह महिला का क्षत-विक्षत शव खेत से बरामद हुआ है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। साथ ही ग्रामीणों में वन विभाग और  प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। लोग गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं।
यहां मिली जानकारी के मुताबिक, बागेश्वर जिले के अशू बोहाला गांव निवासी 70 वर्षीय गांगुली देवी को गुलदार घर से उठा  ले गया । महिला का क्षत विक्षत शव पास के खेत से बरामद हुआ।  बताया जा रहा है गांगुली देवी घर पर अकेली रहती थी। रात को जब वह घर पर सोने की तैयारी कर रही थी कि उसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने हमला कर महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया। इससे महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। महिला का शव पास के क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही गुलदार को ढूंढने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, हालांकि क्षेत्र के ग्रामीण गुलदार को आदमखोर घोषित किये जाने और  उसके आतंक से जल्द निजात दिलाने जाने की मांग कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *