अब आयोजनों में नहीं परोसी जाएगी शराब; कुरीति के खिलाफ चंगोरा गांव के लोगों ने लिया संकल्प
नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक की आरगढ़ पट्टी के चंगोरा गांव में सामाजिक सरोकारों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। ग्राम पंचायत चंगोरा में आयोजित बैठक में गांव में बढ़ती शराब और मादक पदार्थों की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान गौतम बिष्ट ने की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से गांव में वैवाहिक कार्यक्रमों, मुंडन संस्कार और अन्य मांगलिक व सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसे जाने की परंपरा बढ़ी है जो सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित कर रही है। गांव का माहौल हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। यदि सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में शराब परोसना प्रतिष्ठा का विषय बना दिया जाएगा तो इसका दुष्प्रभाव आने वाली पीढ़ी पर पड़ेगा। कई बार ऐसे आयोजनों में शराब के कारण विवाद और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने एक स्वर में निर्णय लिया कि भविष्य में गांव के किसी भी सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम में शराब का उपयोग नहीं किया जाएगा। नशे के दुष्परिणामों के प्रति युवाओं और आमजन को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने का भी संकल्प लिया गया। बैठक में बीडीसी सदस्य सरोजिनी देव, सुनील बिष्ट, अनीता देवी, केशर सिंह, राजेंद्र सिंह, सोबन सिंह, उजाली देवी, जयेंद्र सिंह, कीर्तिदास, देवेंद्र सिंह, सुंदर सिंह आदि मौजूद रहे।

