कांग्रेेस ने फूंका सरकार का पुतला, बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जताया विरोध 

देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। शुक्रवार को यहां महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ  विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लाक में गंगाभोगपुर स्थित भाजपा के पूर्व मंत्री के पुत्र के रिसॉर्ट में हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस अवसर पर डॉ  गोगी ने वीवीआईपी के नाम के खुलासे की मांग करते हुए कहा कि यह घटना मानवता के लिए शर्मसार करने वाली तो थी ही साथ ही साथ उत्तराखंड की अस्मिता को कलंकित करने वाली घटना भी थी। उन्होंने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चार दिन तक बेटी की गुमशुदगी की रिर्पोट ना लिखना भी सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य को सुशासन देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार आज कठघरे में खड़ी है और कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। डॉ गोगी ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार में महिलाओं पर लगातार अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होेंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आन्दोलन में महिलाओं ने बढ़चढकर भाग लिया था ताकि उत्तराखंडवासी अपने हक-हकूकों के साथ-साथ अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें। परन्तु भाजपा सरकार में आये दिन महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं। गोगी ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है कि अंकिता हत्याकाण्ड में वीआईपी कौन था, राज्य सरकार ने अभी तक उसका नाम उजागर नहीं किया है, जिससे राज्य की जनता उद्वेलित है। डॉ गोगी ने राज्य में ध्वस्त हो रही कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि राज्य में सरकार नहीं जंगलराज चल रहा है। इस अवसर पर प्रवीन पुरोहित, मनीष नागपाल, राजेश चमोली, आशा मनोरमा शर्मा, मुकीम अहमद पार्षद, शीशपाल सिंह बिष्ट, सत्या पोखरियाल, सोनूू रावत, रोबिन त्यागी,  अरुण रतूड़ी, अनिल नेगी, संजय गौतम, सुलेमान अली, मोहन काला, विकास थापा, विरेन्द्र पंवार, पिन्टू, मेहताब आलम, विकास ठाकुर, हिमांशु रावत व लक्की राणा समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *