विवाहिता ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, पिता ने दामाद के खिलाफ दर्ज करा दिया मुकदमा
ऋषिकेश। यहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता द्वारा गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर लेने का मामला सामने आया है। इस मामले में मृतका के पिता की ओर सेन थाने में तहरीर देकर पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। बहरहाल, पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच में शुरू कर है।
पुलिस के अनुसार, थाने पर देहरादून रोड स्थित एक घर में विवाहित महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने वीडियोग्राफी करते हुए शव को कब्जे में लेते हुए फंदे से नीचे उतारा। सूचना मिलने के बाद मजिस्ट्रेट भी घटनास्थल पर पहुंचे। उनके सामने विवाहिता का पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में मृतका की पहचान अर्चना गौतम के रूप में हुई।
कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि मूलरूप से टूंडला आगरा की रहने वाली मृतका अर्चना गौतम की शादी 6 साल पहले ऋषिकेश निवासी युवक के साथ हुई थी। मृतका अर्चना के पिता रामप्रकाश गौतम द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनका दामाद लगातार दहेज की मांग करता रहता था। कुछ दिन पहले उनकी बेटी अपने दो बच्चों को लेकर आगरा आई थी और उन्हें मायके में छोड़ गई थी। बीती रात भी दामाद और बेटी के बीच झगड़ा हुआ। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर महिला के पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद कानूनसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

